महिलाओं ने की गणगौर माता की पूजा
बानसूर ।(स्मार्ट हलचल)महिलाओं व लड़कियों द्वारा गणगौर उत्सव बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान महिला मंडल की महिलाओं ने भी माता पार्वती की पूजा की। हिंदू पंचांग के अनुसार यह गणगौर पूजा चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की प्रथम यानी दुल्हंडी से शुरू होकर शुक्ल पक्ष तृतीया तिथि यानी तीसरी नवरात्र को पूरी होती है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव ने माता पार्वती को और माता पार्वती ने सभी महिलाओं को सौभाग्यवती होने का वरदान दिया था। तभी से इस पूजा को मनाने की परंपरा चली आ रही है। महिला मंडल की सदस्य कंचन सैनी ने बताया कि गणगौर उत्सव के 16 दिन पर महिलाओं की ओर से गणगौर के समापन कार्यक्रम का आयोजन बड़ी धूमधाम के साथ पारंपरिक परिधान पहन कर 16 श्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई और गीत गाए गए। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र की कामना की। इस मौके पर कंचन सैनी, मनीषा सैनी, कृष्णा, मनीता, कृष्णा सैनी, वंदना लाटा, नीलम, पूनम सैनी, तनु, पूजा, ललिता, नेहा, परी गुनगुन सहित महिलाएं और बालिकाएं मौजूद रही।