बुखार-जुकाम की दवा लेने गई CA स्टूडेंट की इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी तबीयत, उदयपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|हल्के बुखार और जुकाम की शिकायत पर दवा लेने गई 17 वर्षीय CA स्टूडेंट प्राची मेहता को क्या पता था कि मेडिकल स्टोर पर लगाया गया एक इंजेक्शन उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा। जिस बेटी के घर में पांच दिन बाद जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारी होनी थी, उसी घर में अब मातम पसरा है। इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ने और एक दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद प्राची ने शुक्रवार शाम उदयपुर में दम तोड़ दिया। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और मोहल्लेवासियों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने मेडिकल स्टोर के बाहर प्रदर्शन करते हुए मेडिकल के गेट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और पत्थरबाजी की। बढ़ते हंगामे के बाद सुभाष नगर थाना अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और संबंधित मेडिकल स्टोर को तत्काल सीज कर दिया।

मामला सुभाष नगर थाना क्षेत्र का है। मृतका की दादी रूपा मेहता ने बताया कि उनके बेटे राकेश मेहता की बेटी प्राची (17) को 11 नवंबर को हल्का बुखार था। परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टर नहीं मिलने पर सुभाष नगर डिस्पेंसरी के सामने स्थित लव-कुश मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल संचालक रामप्रसाद ने दवा देने के बजाय इंजेक्शन लगाने की सलाह दी और कहा कि इससे तुरंत आराम मिल जाएगा। परिजनों ने उसकी बात पर भरोसा कर प्राची को इंजेक्शन लगवा दिया।
इंजेक्शन के बाद पैरों में सूजन, लाल निशान और फफोले
दादी के अनुसार इंजेक्शन लगने के बाद ही प्राची की तबीयत बिगड़ने लगी। उसके पैरों में सूजन आ गई और लाल निशान के साथ फफोले पड़ने लगे। घबराए परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार शाम प्राची की मौत हो गई।
जन्मदिन से पहले बुझ गया घर का चिराग
प्राची CA की पढ़ाई कर रही थी. आगामी 19 नवंबर को उसका 18वां जन्मदिन था। परिवार में जन्मदिन की खुशियों की जगह अब गम का माहौल है। प्राची की छोटी बहन मोली दसवीं कक्षा में पढ़ती है, जबकि पिता राकेश मेहता इमिटेशन ज्वेलरी का कारोबार करते हैं।
मेडिकल स्टोर के बाहर आगजनी, करीब एक घंटे देरी से पहुंची पुलिस
प्राची की मौत की खबर फैलते ही शनिवार को बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी और समाज के लोग बंद पड़े मेडिकल स्टोर के बाहर जमा हो गए। लोगों ने संचालक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने गेट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और पत्थर फेंके। आरोप है कि मेडिकल संचालक मौके से फरार हो गया। प्रदर्शन और आगजनी के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पहले भी मौतों का दावा, चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मेडिकल संचालक भाजपा कार्यकर्ता होने की धौंस दिखाता था। लोगों ने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी इस मेडिकल स्टोर पर उपचार के बाद चार अन्य लोगों की मौत हो चुकी है और बिना वैध लाइसेंस के मरीजों का उपचार किया जा रहा था। परिजनों ने इस मामले में जिला कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
लगातार बढ़ते विरोध के बीच तहसीलदार दिनेश साहू मौके पर पहुंचे और मेडिकल स्टोर को तत्काल सीज कर दिया।
आखिर कब जागेगा चिकित्सा विभाग?
इस घटना ने शहर में संचालित उन मेडिकल स्टोरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां दवा बेचने के साथ मरीजों को इंजेक्शन लगाने और उपचार करने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। सवाल यह है कि क्या चिकित्सा विभाग ऐसे मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करता है? क्या बिना वैध लाइसेंस मरीजों का उपचार करने वालों पर कार्रवाई होगी या फिर किसी और परिवार को ऐसी ही त्रासदी का सामना करना पड़ेगा?