अभिजीत दिपके की याचिका पर सुनवाई, हाईकोर्ट ने फिलहाल अकाउंट बहाल करने से किया इनकार
नई दिल्ली, स्मार्ट हलचल। दिल्ली हाईकोर्ट ने सोशल मीडिया पर चर्चित व्यंग्यात्मक मंच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को ब्लॉक किए जाने के मामले में केंद्र सरकार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नोटिस जारी किया है। यह याचिका CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा दायर की गई थी, जिसमें अकाउंट ब्लॉक किए जाने के आदेश को चुनौती दी गई है。
जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव की एकल पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए फिलहाल अकाउंट को दोबारा चालू करने का अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि मामले के व्यापक प्रभाव और दूरगामी परिणामों को देखते हुए केंद्र सरकार का पक्ष सुने बिना कोई आदेश पारित नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने केंद्र सरकार को चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है तथा अगली सुनवाई 6 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत गठित रिव्यू कमेटी को भी मामले की समीक्षा करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि नियम 14 के तहत रिव्यू कमेटी प्रत्येक दो माह में बैठक कर ब्लॉकिंग आदेशों की समीक्षा कर सकती है और यदि आवश्यक समझे तो अनब्लॉकिंग की सिफारिश भी कर सकती है। कोर्ट ने अभिजीत दिपके को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिव्यू कमेटी के समक्ष अपनी बात रखने की अनुमति भी दी है।
याचिकाकर्ता अभिजीत दिपके की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने अदालत में कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ मूल रूप से राजनीतिक और सामाजिक व्यंग्य (सटायर) पर आधारित एक डिजिटल मंच है। यदि किसी विशेष पोस्ट पर आपत्ति है तो केवल उस पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन पूरे अकाउंट को ब्लॉक करना उचित नहीं है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि फिलहाल केवल नोटिस जारी किया जा सकता है क्योंकि ब्लॉकिंग आदेश की पूरी जानकारी अभी रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं है। अदालत ने कहा कि न तो याचिकाकर्ता ने ब्लॉकिंग आदेश देखा है और न ही फिलहाल वह दस्तावेज अदालत के समक्ष रखा गया है। ऐसे में विस्तृत सुनवाई के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
याचिका में उस सरकारी आदेश को चुनौती दी गई है जिसके तहत राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी कारणों का हवाला देते हुए CJP के X अकाउंट को भारत में ब्लॉक किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के इनपुट के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत X को अकाउंट ब्लॉक करने का निर्देश दिया था।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत अभिजीत दिपके ने मई 2026 में एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अभियान के रूप में की थी। यह मंच युवाओं से जुड़े मुद्दों, बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक और राजनीतिक व्यवस्था पर कटाक्ष करने वाले कंटेंट के कारण तेजी से वायरल हुआ।
रिपोर्ट्स के अनुसार 21 मई को CJP का मूल X अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद संगठन ने नया हैंडल बनाते हुए “Cockroach Is Back” नाम से अपनी गतिविधियां जारी रखीं।
