सद्भावना सम्मेलन में 30 वर्षीया कुसुम लता ने जताया पार्टी नीतियों में विश्वास, कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर किया भव्य स्वागत
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला कांग्रेस कमेटी ब्यावर के अल्पसंख्यक विभाग द्वारा आयोजित ‘सद्भावना सम्मेलन एवं शपथग्रहण समारोह’ उस समय आकर्षण का केंद्र बन गया, जब क्षेत्र की 30 वर्षीया युवा नेता कुसुम लता पवार ने औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। होटल राजमहल में आयोजित इस भव्य समारोह में कुसुम लता की जॉइनिंग ने युवाओं और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कुसुम लता पवार ने कांग्रेस की नीतियों, जनहितैषी विचारधारा और संगठन के सिद्धांतों में अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर एम.डी. चौपदार ने उन्हें पार्टी का दुपट्टा पहनाकर, आशीर्वाद देते हुए संगठन में विधिवत शामिल कराया।
कुसुम लता पवार के पार्टी में शामिल होते ही उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। उनके कांग्रेस में आने से ब्यावर क्षेत्र में युवा और महिला वर्ग के बीच संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
समारोह में ब्यावर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने कुसुम लता को बधाई देते हुए संगठन हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
