बानसूर। स्मार्ट हलचल/कस्बे के निकटवर्ती ग्राम मुंडली में आटा चक्की में विस्फोट होने से एक युवक व एक गाय की मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मुंडली में मंगलवार दोपहर 2.30 बजें एक आटा चक्की में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में हरियाणा खलीलपुर मेवात निवासी लाल सिंह व पास में खड़ी एक गाय की मौत हो गई। मृतक लाल सिंह पिछले कई वर्षों से बाढ़ की ढाणी में परिवार के साथ रह रहा था । वह टैक्टर पर चक्की लगाकर आटा पीसने का काम करता था। मंगलवार दोपहर को वह अपने घर पर आटा पीस रहा था। इसी दौरान अचानक चक्की में विस्फोट हो गया। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल लाल सिंह को निःशुल्क रोटी बैंक की एम्बुलेंस से बानसूर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बानसूर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।