राज्य स्तरीय युवा संवाद का ब्यावर में हुआ सीधा प्रसारण, जिला कलक्टर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
अनिल कुमार खींची
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल|‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के तहत शुक्रवार को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का ब्यावर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिले के विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा राज्यसभा सांसद नितिन नबीन का संबोधन सुना।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन ने प्रदेश के युवाओं से संवाद किया तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं उनकी सहभागिता को लेकर विचार साझा किए। युवा संवाद का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को देश और राज्य के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर जिला कलक्टर कमल राम मीना ने कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी एवं स्काउट से जुड़े बड़ी संख्या में युवा भी मौजूद रहे।