सरदार पटेल की जयंती पर भीलवाड़ा में दौड़े युवा, ‘ रन फॉर यूनिटी’ से दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

सांसद अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना,

पुलिस लाइन में हुआ समापन
भीलवाड़ा,
स्मार्ट हलचल|लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को भीलवाड़ा में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश गूंज उठा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में विद्यार्थियों, युवाओं और शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
इस अवसर पर सांसद अग्रवाल ने कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने लौह पुरुष सरदार पटेल को जयंती पर नमन करते हुए कहा कि आजादी के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल ने दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कर्मठता का परिचय देते हुए ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारी चन्द्रभान सिंह भाटी, जिला खेल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी हेमेन्द्र सिंह राणावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और आमजन उपस्थित रहे।