फॉलोवर्स बढ़ाने की होड़ में थाने के बाहर गैंगस्टर स्टाइल में वीडियो बनाया, सोशल मीडिया पर वायरल करना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

रोहित सोनी
भीलवाड़ा / करेड़ा । करेड़ा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर गैंगस्टर स्टाइल वीडियो बनाकर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। फॉलोवर्स बढ़ाने की होड़ में युवक ने थाने के बाहर गैंगस्टर गानों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। करेड़ा थानाधिकारी के निर्देश पर पुलिस टीम के राकेश मीणा और प्रदीप दारा ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस लगातार क्षेत्र के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है और इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। जिले में एक के बाद एक हो रही पुलिस कार्रवाई से गैंगस्टर प्रवृत्ति पर लगाम लगती नजर आ रही है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव भी गैंगस्टर और नशे के कारोबार से जुड़ी हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं। उनके कार्यभार संभालने के बाद से जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्ती बढ़ी है और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिल रहा है।