चंदेरिया लेड-जिंक स्मेल्टर के जिंक नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया

ध्वजारोहण के बाद सुरक्षा जवानों एवं हिन्द जिंक स्कूल के विद्यार्थियों ने दी परेड की सलामी, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चंदेरिया लेड-जिंक स्मेल्टर के जिंक नगर स्थित खेल मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स के लोकेशन हेड आलोक रंजन ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सिक्योरिटी विभाग तथा फायर एवं सेफ्टी विभाग के जवानों और हिन्द जिंक स्कूल के छात्र-छात्राओं की परेड का निरीक्षण कर सलामी ली गई।

समारोह को संबोधित करते हुए लोकेशन हेड आलोक रंजन ने कहा कि देश के लिए उत्पादन कर हम अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं। कंपनी पर्यावरण एवं सुरक्षा के क्षेत्र में विश्वस्तरीय मानकों का पालन करते हुए उत्पादन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले देशभक्तों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि आजादी से हासिल की गई गौरवपूर्ण संप्रभुता को बनाए रखते हुए चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स ने उत्पादन एवं उत्पादकता के साथ सुरक्षा, कार्य संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई नवाचार एवं कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इन उपलब्धियों के पीछे पूरी जिंक टीम के सतत प्रयास और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका है।

आलोक रंजन ने कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक विकास एवं ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि यूनियन के महामंत्री घनश्याम सिंह राणावत ने भी संबोधित किया। हिन्द जिंक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने यशद सुझाव योजना के तहत उल्लेखनीय सुझाव एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया।