करीब 30 साल बाद स्कूल के सहपाठियों का स्नेह मिलन समारोह, बचपन के करीब 100 दोस्त हुए एकजुट
देवली। स्मार्ट हलचल।मित्रता, अपनत्व और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। करीब तीन दशक पहले स्कूल में साथ पढ़ने वाले बचपन के दोस्तों का स्नेह मिलन समारोह आयोजित हुआ। वर्षों से बिछड़े मित्र जब एक-दूसरे के सामने आए तो पुरानी यादें ताजा हो गईं। किसी की आंखें नम हुईं तो किसी के चेहरे पर मुस्कान खिल उठी। ऐसा लगा मानो समय का पहिया पीछे घूम गया हो और सभी फिर अपने बचपन में लौट आए हों।
शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर बनास नदी के किनारे स्थित बोरड़ा गणेशजी मंदिर परिसर की मंगल वाटिका में आयोजित इस समारोह में करीब 100 मित्र शामिल हुए। इनमें कई साथी बड़े शहरों में स्थापित हो चुके हैं, तो कई दूर-दराज के शहरों में नौकरी और व्यवसाय कर रहे हैं। बावजूद इसके, दोस्ती का रिश्ता सभी को एक मंच पर खींच लाया।
पुराने किस्सों में खो गए दोस्त
समारोह के दौरान दोस्तों ने स्कूल के दिनों की यादें साझा कीं। कक्षा में बिताए पल, शरारतें, शिक्षकों की बातें और बचपन की मस्ती के किस्सों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। सभी ने एक-दूसरे के वर्तमान जीवन, व्यवसाय और उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी साझा की।
करीब 30 साल बाद हुए इस मिलन ने सभी को भावुक कर दिया। उपस्थित मित्रों ने इस आयोजन को जीवन का अविस्मरणीय पल बताया।
सच्ची दोस्ती की अनूठी मिसाल
इस मिलन पर फिल्मी गीत की ये पंक्तियां बिल्कुल सटीक बैठती हैं—
कब के बिछड़े हुए हम आज यहां आके मिले…
वर्षों की दूरियां कुछ ही पलों में सिमट गईं। दोस्तों के इस मिलन ने साबित कर दिया कि सच्ची मित्रता समय और दूरी की मोहताज नहीं होती। इतने वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी के दिल फिर से बच्चे बन गए।
हृदय से आभार
इस शानदार कार्यक्रम को यादगार बनाने, सभी पुराने मित्रों को एक मंच पर जोड़ने और बेहतरीन व्यवस्थाएं करने के लिए अनिल चतुर्वेदी का हृदय की गहराइयों से बहुत-बहुत आभार एवं धन्यवाद।
सभी मित्रों से वर्षों बाद मिलकर, पुरानी यादें साझा करके और साथ में खुशनुमा पल बिताकर मन बेहद प्रसन्न हुआ। ईश्वर से कामना है कि हम सभी मित्रों का यह स्नेह, अपनापन और मित्रता जीवनभर इसी तरह बना रहे।