देवधाम जोधपुरिया में 15 सितंबर को होगा 14वां राज्य स्तरीय गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/निवाई।स्मार्ट हलचल|श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट देवधाम जोधपुरिया एवं गुर्जर प्रतिभा विकास समिति, राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 14वां राज्य स्तरीय गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह 15 सितंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे देवधाम जोधपुरिया में आयोजित किया जाएगा।
देवधाम जोधपुरिया मन्दिर ट्रस्ट समिति की जानकारी के अनुसार समारोह में शिक्षा, खेल, व्यावसायिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह के संयोजक सुरेश हरसल ने बताया कि कक्षा 10 में 90 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली 76 प्रतिभाओं तथा कक्षा 12 में 90 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली 112 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के सामान्य वर्ग में 73 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली 18 प्रतिभाओं तथा प्रोफेशनल श्रेणी से चयनित 29 प्रतिभाओं को सम्मान मिलेगा। उन्होंने बताया कि खेल-कूद में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली 38 प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी प्रशासनिक क्षेत्र में चयनित प्रतिभाओं को ‘गुर्जर गौरव’ के रूप में सम्मान दिया जाएगा।
*ट्रस्ट पदाधिकारी करेंगे प्रतिभाओं का सम्मान*
समारोह में श्री देवनारायण मंदिर ट्रस्ट देवधाम जोधपुरिया के अध्यक्ष नरेश गुर्जर, महामंत्री रतनदीप गुर्जर एवं कोषाध्यक्ष जगदीश बोकण सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी प्रतिभाओं का सम्मान करेंगे। आयोजकों के अनुसार समारोह का उद्देश्य शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।