एक साल से पोल पर लगे 24 हाईटेक CCTV कैमरे, अब तक नहीं हुए चालू

मुख्यमंत्री लाड़ली सुरक्षा योजना के तहत 8 स्थानों पर लगाए थे कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का उद्देश्य अधूरा

बिन्टू कुमार

नारायणपुर|स्मार्ट हलचल|कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे करीब एक साल बाद भी शोपीस बने हुए हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली सुरक्षा योजना के तहत कस्बे में 8 स्थानों पर करीब 24 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। कैमरे पोल पर लगने के बाद भी अब तक इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगाए गए कैमरों का लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।कस्बे में आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से कैमरे लगाए गए थे। मुख्य बाजार, गर्ल्स कॉलेज, तिराहे-चौराहे सहित प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से लोगों को उम्मीद थी कि इन स्थानों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी। साथ ही चोरी, दुर्घटना या अन्य घटनाओं के दौरान सीसीटीवी फुटेज पुलिस और प्रशासन के लिए जांच में उपयोगी साबित हो सकती है।

पोल पर कैमरे, लेकिन निगरानी व्यवस्था बंद

करीब एक साल का समय बीत जाने के बावजूद कैमरे चालू नहीं होने से कस्बे में सीसीटीवी आधारित निगरानी व्यवस्था शुरू नहीं हो पाई है। कैमरे पोल पर लगे हुए हैं, लेकिन संचालन शुरू नहीं होने के कारण इनका उपयोग नहीं हो रहा है। इससे योजना के तहत लगाए गए संसाधनों का उद्देश्य भी अधूरा नजर आ रहा है।

स्थानीय लोगों ने जल्द चालू कराने की मांग की

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों का संचालन जल्द शुरू होना जरूरी है। कैमरे चालू होने से प्रमुख स्थानों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी तथा किसी घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिल सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार से कैमरों को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की है, ताकि मुख्यमंत्री लाड़ली सुरक्षा योजना के तहत लगाए गए कैमरों का लाभ आमजन को मिल सके।