खबर का असर: राशन दुकानों पर प्रशासन की दबिश, डीलरों में मचा हड़कंप!

शिकायतों और खबरों के बाद एसडीएम ने खुद किया औचक निरीक्षण, उलैला, अमरगढ़, खजूरी व कुराड़िया की उचित मूल्य दुकानों की जांच

जहाजपुर अलकेश पारीक

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|तहसील क्षेत्र में राशन डीलरों द्वारा दुकानें नियमित नहीं खोलने, जरूरी सूचनाएं बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं करने और उपभोक्ताओं को राशन वितरण में परेशानी की शिकायतों को लेकर लगातार सामने आ रही खबरों के बाद प्रशासन हरकत में आया है। एसडीएम जहाजपुर ने 28 व 29 सितंबर को विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं उचित मूल्य दुकानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जांची।एसडीएम की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार उलैला, अमरगढ़, खजूरी और कुराड़िया की उचित मूल्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राशन डीलरों को दुकान का नाम लिखकर बोर्ड लगाने, आवश्यक सूचनाएं बोर्ड पर अपडेट रखने, निर्धारित समय पर दुकान खोलने तथा उपलब्ध स्टॉक के दस्तावेज दुकान पर रखने के निर्देश दिए गए।

इतना ही नहीं, राशन वितरण के दौरान उपभोक्ताओं के प्रति संवेदनशीलता और कुशलता के साथ राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

खबरें चलीं तो प्रशासन ने खुद संभाला मोर्चा

राशन दुकानों की व्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्र में लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब प्रशासन के औचक निरीक्षण से साफ है कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अन्य विभागीय व्यवस्थाओं की भी जांच की गई और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अब बड़ा सवाल यह है कि निरीक्षण के बाद नियमों की अनदेखी करने वाले राशन डीलरों पर आगे क्या कार्रवाई होती है? उपभोक्ताओं की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।