साहित्य सृजन कला संगम की बैठक में आयोजन की तारीख तय, एक साहित्यकार को मिलेगा लोक साहित्य सम्मानय हजारों श्रोताओं के जुटने की उम्मीद
शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा की साहित्यिक पहचान और काव्य परंपरा का प्रतीक बन चुका लोककवि मोहन मण्डेला स्मृति समारोह इस बार 28 नवंबर को आयोजित होगा। साहित्य सृजन कला संगम की ओर से संस्थान के संस्थापक एवं राजस्थान के सुप्रसिद्ध लोककवि स्व. मोहन मण्डेला की स्मृति में 29वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं लोक साहित्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें देश और प्रदेश के चुनिंदा ख्यातनाम कवि अपनी रचनाओं से काव्य रस बरसाएंगे।
संस्था के अध्यक्ष जयदेव जोशी ने पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजन की तारीख घोषित करते हुए बताया कि किसी साहित्यकार की स्मृति में निरंतर आयोजित होने वाला यह देश का प्रतिष्ठित साहित्यिक आयोजन है। वर्षों से इस समारोह में देशभर के नामचीन कवि शिरकत करते रहे हैं और क्षेत्र के हजारों साहित्यप्रेमी श्रोता इसका हिस्सा बनते हैं। इस वर्ष भी एक साहित्यकार को लोक साहित्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
रामकोठी के डोम में सजेगी काव्य की महफिल
संस्था के सह सचिव दिनेश बंटी ने बताया कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी के मौसम को देखते हुए इस बार आमजन की सुविधा के लिए कार्यक्रम का आयोजन रामद्वारा स्थित रामकोठी के डोम में किया जाएगा। आयोजन को भव्य और गरिमामय स्वरूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी साहित्यप्रेमियों, काव्य रसिकों और आमजन से अधिकाधिक संख्या में समारोह में पहुंचने की अपील की है।
स्मृतियों से साहित्य तक का सफर
लोककवि मोहन मण्डेला की स्मृति में शुरू हुआ यह आयोजन अब केवल कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि शाहपुरा की साहित्यिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। 29 वर्षों से निरंतर इसकी परंपरा का निर्वहन होना अपने आप में साहित्य के प्रति समर्पण और एक लोककवि की स्मृतियों को जीवंत रखने का उदाहरण है। इस बार भी कवियों की रचनाओं और श्रोताओं की दाद से शाहपुरा की साहित्यिक शाम यादगार बनने की उम्मीद है।