शिव शंकर सिंह पारिजात
स्मार्ट हलचल|नियम-निष्ठा और आस्था-समर्पण के साथ मनाया जानेवाला बिहार का महापर्व छठ वस्तुत: ऊर्जा के अनन्त स्त्रोत सूर्य देव की आराधना का पर्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान भास्कर की अजस्त्र शक्तियों का मुख्य स्रोत उनकी अर्धांगिनी द्वय ऊषा और प्रत्यूषा हैं जिनको अर्ध्य अर्पित कर छठ पूजा के अनुष्ठान सम्पन्न किये जाते हैं। प्रातः काल में ऊषा (सूर्य की पहली किरण) और सायंकाल में प्रत्यूषा (सूर्य की अंतिम किरण) को अरग अर्थात अर्ध्य देकर सूर्योपासना कर छठ व्रती अपने परिजनों की सुख-समृद्धि व मनोवांछित फलों की प्राप्ति की कामना करते हैं। लोक मान्यताओं के अनुसार सूर्य देव और छठी मैया का संबंध भाई-बहन की तरह है।
सूक्ष्मता से मीमांसा करने पर यह तथ्य उभरकर सामने आता है कि महापर्व छठ के आराध्य देव सूर्य का पुरातन काल से अंग देश के नाम से विख्यात रहे भागलपुर प्रक्षेत्र से अत्यंत घनिष्ठ संबंध रहा है। महाभारतकालीन योद्धा सूर्य-पुत्र कर्ण अंग के राजा थे जिसके कारण वे अंगराज कहलाते थे। उनका लालन-पालन भी इसी भूमि पर हुआ था। कर्ण के वास्तविक पिता सूर्य देव माने जाते हैं क्योंकि उनका जन्म महर्षि दुर्वासा के वरदान से कुन्ती के गर्भ से उनकी कुंवारी अवस्था में हुआ था। अविवाहित होने के कारण कुन्ती ने लोक-लाज के डर से शिशु कर्ण को एक मंजूषा (बक्सा) में रखकर गंगा में प्रवाहित कर दिया जिसका लालन-पालन अंग के अधिरथ, जो कौरवों के सारथी थे, और उनकी पत्नी राधा ने किया जिसके कारण उनका एक नाम राधेय भी है। एक सारथी के यहां पलने के बावजूद अपने पुरुषार्थ से कर्ण बाद में अंग के राजा बने। हुआ यूं कि हस्तिनापुर में गुरु द्रोणाचार्य द्वारा आयोजित रंगभूमि में जब कर्ण ने अर्जुन को द्वन्द्वयुद्ध के लिये ललकारा तो राजकुल का सदस्य नहीं होने के कारण उनकी पात्रता पर प्रश्न उठाया गया जिस पर दुर्योधन ने कर्ण को अंगदेश का राजा घोषित किया।
धीर, वीर और गंभीर सूर्य-पुत्र कर्ण नित्य दिन सूर्य की उपासना करते थे तथा याचकों को स्वर्ण दान देते थे जिसके कारण उनकी प्रसिद्धि दानवीर के नाम से भी है। अंग की राजगद्दी पर बैठने के बाद कर्ण ने यह घोषणा कर रखी थी कि प्रातः काल में उनकी सूर्योपासना के उपरांत उनसे जो कोई भी कुछ मांगेगा, उसे खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। कर्ण की इसी दानशीलता के कारण महाभारत काल में जहां देवराज इन्द्र ने उनसे दान में उनके कवच-कुण्डल मांग लिये, वहीं माता कुन्ती ने पाण्डव-पुत्रों का जीवन-दान प्राप्त कर लिया जो अंततः कर्ण की मृत्यु के कारण बने।
महाभारतकालीन योद्धा सूर्य-पुत्र कर्ण द्वारा अंगभूमि पर प्रारंभ भगवान भास्कर के पूजन-विधान की रीति आदिकाल से यहां विद्यमान है जो यहां की धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक तथा पुरातात्विक परम्पराओं में देखे जा सकते हैं। अंग क्षेत्र से भगवान सूर्य की करीब एक दर्जन प्राचीन मूर्तियां मिली हैं जो शिल्प-कला के उत्कृष्ट नमूने हैं, जिनकी डॉ. बीएस वर्मा (अंतीचक एक्सकावेशंस-2), डॉ. आरसी प्रसाद (आर्कियोलॉजी ऑफ चम्पा एण्ड विक्रमशिला), डॉ. एके सिन्हा (एनशिएंट हेरिटेज ऑफ अंग) सरीखे पुराविदों ने की है। यहां कहलगांव के अंतीचक में स्थित पालकालीन विक्रमशिला बौद्ध महाविहार की खुदाई से ही आधा दर्जन सूर्य मूर्तियां मिली हैं जो इस क्षेत्र में सूर्य-पूजन की व्यापक परम्परा को दर्शाता है। इसके अलावा अजगैबीनाथ पहाड़ी, सुलतानगंज, मंदार पर्वत, बौंसी व बटेश्वर पहाड़ी, कहलगांव के अलावा कहलगांव के घोघा के निकट ओलपुरा व ताड़र गांवों में भी सूर्य की अलंकृत प्राचीन प्रतिमाएं मिली हैं।
विक्रमशिला की खुदाई से प्राप्त छह सूर्य मूर्तियों में तीन काले पत्थर की और तीन चूना पत्थर से निर्मित हैं। काले पत्थर से निर्मित नक्काशीदार मुकुट युक्त एक सूर्य प्रतिमा सूंढ़ उठाये हाथी की पीठ पर अवस्थित कमल-दल के उपर पंचरथ पर सीधी खड़ी है। पूर्ण रूप से अलंकृत इस मूर्ति के दोनों हाथों में कमल पुष्प हैं जिनका अधोवस्त्र नक्काशीदार कमरबंद से कसा हुआ है। भगवान की कमर के दोनों ओर दो कटार लटके हुए हैं। भगवान की सेवा में दंड और पिंगला, रेवन्त (अरुण), ऊषा और प्रत्यूषा तथा अन्य सेविकाएं दर्शित हैं। सबसे नीचे पांच या सात अश्व (घोड़े) भगवान के रथ को खिंचते चित्रित हैं। आधार के नीचे एक पंक्ति का शिलालेख अंकित है। विक्रमशिला से मिली शेष मूर्तियों के विग्रह भी कमोबेश इसी तरह के हैं जिनमें कुछ खंडित अवस्था में हैं।
अंग क्षेत्र के बटेश्वर पहाड़ी, अजगैबीनाथ पहाड़ी तथा मंदार पर्वत के शिलाखंडों पर उत्कीर्ण एवं ओलपुरा वह ताड़र गांवों में मिली सूर्य मूर्तियों के शिल्प में भी भगवान भास्कर अपने पारम्परिक रुप-मुद्रा में दर्शित हैं। डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी के अनुसार भागलपुर शहरी क्षेत्र में भी नया बाजार मुहल्ले के एक मंदिर में करीब सौ वर्ष पुरानी सूर्य प्रतिमा संग्रहित है।