हमीरगढ़(अल्लाउद्दीन मंसूरी)रेलवे फाटक के सामने आनंद विहार कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को नगरपालिका ईओ और उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल के नाम अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी निजामुद्दीन नीलगर हमीरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी के नियमितीकरण, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा वर्षों से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2000 के आसपास विकसित हुई आनंद विहार कॉलोनी में करीब 435 प्लॉट हैं और वर्तमान में लगभग 350 परिवार निवास कर रहे हैं। नगर पालिका सीमा में शामिल होने के बावजूद आज तक कॉलोनी में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, सफाई और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
निवासियों का आरोप है कि पास स्थित गणेश/सोना प्रोसेस द्वारा वर्षों पुराने प्राकृतिक नाले को बंद कर दिए जाने से बरसात का पानी कॉलोनी में भर रहा है। वर्तमान में कई स्थानों पर करीब तीन फीट तक पानी जमा हो चुका है, जिससे मकानों को नुकसान पहुंच रहा है तथा संक्रामक बीमारियों, जहरीले जीव-जंतुओं और विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद किए गए पुराने नाले को तत्काल चालू कराया जाए, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा कॉलोनी का नियमितीकरण कर सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं।
ज्ञापन पर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों के हस्ताक्षर हैं। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ और किसी प्रकार की जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
