मोड़ का निंबाहेड़ा @
भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद पहली बार अपने ननिहाल ग्राम पालड़ी पहुंचे हरफूल जाट का ग्रामीणों ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। गांव में उनके आगमन पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला तथा “भारत माता की जय” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
हरफूल जाट के स्वागत में ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं साफा बांधकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर सत्यनारायण जाट, महावीर जाट, रामस्वरूप जाट, गोपाल जाट, नरेश, प्रिंस, देवराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अग्निवीर हरफूल जाट ने कहा कि भारतीय सेना की कठोर ट्रेनिंग पूरी करने पर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करना उनका सौभाग्य है और वे सदैव राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक भेरूलाल जाट ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा सेना में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने कहा कि हरफूल जाट की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनके सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह ने युवाओं में भारतीय सेना के प्रति उत्साह और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।
इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने हरफूल जाट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
