Homeराष्ट्रीयमिट्टी से निकल कर मेट तक खो-खो खेल 137 देशों में पहुंचा...

मिट्टी से निकल कर मेट तक खो-खो खेल 137 देशों में पहुंचा यह हमारे लिए गर्व की बात है : रजत शर्मा

मिट्टी से निकल कर मेट तक खो-खो खेल 137 देशों में पहुंचा यह हमारे लिए गर्व की बात है : रजत शर्मा

56 वीं राष्ट्रीय खो – खो प्रतियोगिता की महिला व पुरुष वर्ग का चैंपियन बनी टीम महाराष्ट्र

(अशोक कुमार निर्भय)

नई दिल्ली।स्मार्ट हलचल/खो – खो फडरेशन ऑफ़ इंडिया ने दिल्ली के आई जी आई स्टेडियम में 56वीं राष्ट्रीय खो-खो चैम्पियनशिप का आयोजन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा के अलावा, खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल, राज्य सभा सांसद एवं प्रवक्ता भाजपा सुधांशु त्रिवेदी,वरिष्ठ जनता दल के नेता के सी त्यागी, एशियन खो खो फेडरेशन के अध्यक्ष एवं आई ओ ए के पूर्व अध्यक्ष राजीव मेहता, आयोजन समिति के अध्यक्ष अमित भल्ला,रिसेप्शन कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट सूर्य प्रकाश खत्री, हॉकी इंडिया के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा, खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव कुणाल और विमल इलाइची के मुकेश गर्ग,रोप स्किपिंग फडरेशन ऑफ़ इंडिया के महासचिव निर्देश शर्मा, ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

टीवी एंकर एवं वरिष्ठ पत्रकार एवं समापन समारोह के मुख्य अतिथि रजत शर्मा ने इस अवसर पर कहा, “खो खो भारत देश की मिट्टी का खेल है। ये विरासत के तौर पर मिला है और इसे आगे बढ़ाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की जरूरत है। आज मिट्टी से निकल कर अंतर्राष्ट्रीय मानकों को पूरा करते हुए यह खेल मेट तक पहुंचा है। इसके लिए मैं सुधांशु मित्तल और उनकी पूरी टीम के प्रयासों को बधाई देता हूँ। इस क्षेत्र में खो-खो खेल संघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने खूब प्रयास किए हैं। इनके कार्यकाल में खो-खो एक फलक की ऊंचाई तक पहुंचा दिया है।”
उन्होंने कहा कि खो-खो आज 137 देशों में खेला जा रहा है, अगले साल इंग्लैंड में विश्व चैंपियनशिप होने वाली है। इसमें भारत यकीनन बेहतर प्रदर्शन करेगा। भारत की खो-खो यकीनन काफी सुधरी है।

इस राष्ट्रीय खो – खो चैंपियनशिप 2024 के महिला और पुरुष दोनों वर्गों का खिताब ‘खो – खो खेल की जननी’ महाराष्ट्र राज्य के नाम रहा। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए फ़ाइनल में पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र और रेलवे के बीच शानदार रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस दिल थाम देने वाले रोमांचक मुकाबले में दोनों ही टीमें निर्धारित समय तक 32-32 की बराबरी पर थी। जिसके बाद दोनों ही टीमों के बीच पुन: तीसरी पाली का खेल और खेला गया। रेलवे के पहले तीन खिलाड़ियों ने अच्छा डिफेंस करते हुए महाराष्ट्र के सामने 50 अंकों के साथ गगनचुंबी स्कोर खड़ा कर दिया। जिसके जवाब में महाराष्ट्र ने जोरदार वापसी करते हुए रेलवे को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। इस मुकाबले में महाराष्ट्र ने अंतिम क्षण में 2 अंक अर्जित करते हुए मुकाबले को 52-50 से अपने नाम कर दिया। इस फ़ाइनल मैच में देश के उत्कृष्ट खो खो खिलाड़ियों ने अपने प्रभावशाली प्रर्दशन से उपस्थित अतिथियों व दर्शकों का दिल जीत लिया।

महिला वर्ग में भी महाराष्ट्र और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच खेला गया मुकाबला काफी रोमांचक रहा। महाराष्ट्र की टीम ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को 18-16 से पराजित किया। इस जीत में महाराष्ट्र की कप्तान संपदा मौर्या ने अहम भूमिका निभाई।

दिन के पहले सत्र में दोनों वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। महिला वर्ग में महाराष्ट्र की टीम ने ओडिशा को 24-20 से हराया। जबकि, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने दिल्ली को 32-10 से पराजित किया। पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र ने कोल्हापुर को 30-28 से हराया, जबकि रेलवे ने ओडिशा को 24-22 से पराजित किया।
महिला और पुरुष दोनों वर्गों में विजेता महाराष्ट्र को तीन- तीन लाख और उपविजेता टीम को 2-2 लाख रुपये पुरस्कार के रूप में दिये गये।

RELATED ARTICLES