* पापड़ी की चारों टीमों ने जीते मुकाबले-19 वर्ष छात्रा वर्ग में प्रथम और 17 वर्ष छात्रा वर्ग में भी हासिल किया प्रथम स्थान
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बूंदी। स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीया के पाटन में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय सेपक टकरा खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पापड़ी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में पापड़ी विद्यालय की चारों टीमों ने पहली बार सेपक टकरा खेल में भाग लेते हुए दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पहले दिन पापड़ी की टीमों ने 6 में से 6 मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय की टीम ने 19 वर्ष छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान, 17 वर्ष छात्र वर्ग में तृतीय स्थान तथा 19 वर्ष छात्र वर्ग में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं 17 वर्ष छात्रा वर्ग में भी पापड़ी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। टीम प्रभारी बाबूलाल राठौर ने बताया कि विद्यार्थियों ने पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया तथा बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीतू शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। ज्योति जैन एवं रेणू मीणा ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।