70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आगाज

35 जिलों के 1141 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, ‘किक द ड्रग’ के तहत दिलाई नशामुक्ति की शपथ

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल |श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ में सोमवार को 17-19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की 70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 35 जिलों से 1141 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष के विशेषाधिकारी एवं राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता रहे, जबकि अध्यक्षता ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने की। नगर परिषद सभापति पुष्पा बल्दुआ, उपसभापति दीक्षांत हरचंदानी, प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह राठौड़ सहित शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रतियोगिता ध्वज के ध्वजारोहण से हुआ। अतिथियों ने कबूतर व गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने राजस्थान की संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।

मुख्य अतिथि राजीव दत्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने ‘किक द ड्रग’ अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने कहा कि ब्यावर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव का विषय है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस दौरान श्री वर्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख को ब्यावर जिला कुश्ती संघ का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। अतिथियों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। डॉ. पारख ने प्रतियोगिता में शामिल 1141 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले सभी विभागों एवं संस्थाओं का आभार जताया।

जिला शिक्षा अधिकारी शंकरलाल शर्मा ने प्रतियोगिता का परिचय दिया, जबकि जिला खेल अधिकारी गोविंदलाल सैनी ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद उद्घाटन मैच के साथ प्रतियोगिता का विधिवत आगाज हुआ। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ. निवेदिता पाठक ने अतिथियों, खिलाड़ियों एवं व्यवस्थाओं में जुटे कार्मिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।