आयुर्वेद चिकित्सालय में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों से जानी उपचार की स्थिति

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|निदेशालय आयुर्वेद विभाग राजस्थान की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) ज्योति ककवानी ने रविवार को श्री चांदमल मोदी राजकीय जिला आयुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औषधियों की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं एवं चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।ककवानी ने औषधि वितरण कक्ष में दवाओं की आपूर्ति एवं उपलब्धता की जानकारी ली तथा धनवंतरी औषध उद्यान का अवलोकन किया। इंडोर वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार एवं चिकित्सालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।उन्होंने पंचकर्म कक्ष एवं ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण कर बायोवेस्ट मैनेजमेंट और अग्निशमन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही RGHS एवं मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (MAA) के तहत उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों की जानकारी भी ली।

अतिरिक्त निदेशक ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए अर्श-भगन्दर एवं पंचकर्म चिकित्सा सेवाओं के साथ RGHS एवं MAA योजना का अधिकाधिक लोगों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

चिकित्सालय प्रभारी डॉ. पारस चौहान ने बताया कि भर्ती मरीजों के लिए पर्याप्त औषधियां उपलब्ध हैं और दोनों समय निशुल्क भोजन की व्यवस्था की जा रही है। MAA योजना के प्रभावी संचालन के लिए नवीन फर्नीचर, पलंग, अग्निशमन उपकरण, पंचकर्म यंत्र एवं शस्त्र उपलब्ध करवाए गए हैं। चिकित्सालय में क्षारसूत्र निर्माण के लिए क्षारसूत्र कैबिनेट भी उपलब्ध करवाई गई है।