ब्यावर के लाल का कमाल: RPS की वर्दी पहनी पर लक्ष्य नहीं बदला, रविंद्र सिंह ने RAS में गाड़ा सफलता का झंडा, प्रदेश में चौथी रैंक

अनिल कुमार

ब्यावर/जैतारण। स्मार्ट हलचल|कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हों तो किस्मत भी रास्ता बदल देती है। ब्यावर जिले के निमाज निवासी रविंद्र सिंह चारण ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में पूरे प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त कर इस बात को सच कर दिखाया है। रविंद्र की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे जैतारण उपखंड और जिले में हर्ष का माहौल है।

संघर्ष से शिखर तक का सफर:
रविंद्र सिंह की यह सफलता रातों-रात नहीं मिली। इससे पहले भी उन्होंने RAS परीक्षा उत्तीर्ण की थी, लेकिन कम अंकों के कारण उन्हें राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) कैडर मिला था। पुलिस सेवा में चयन के बावजूद उनका लक्ष्य ‘प्रशासनिक सेवा’ ही था। उन्होंने हार नहीं मानी और एक बार फिर मैदान में उतरे।

VDO से RAS टॉपर बनने की राह:
रविंद्र सिंह ने अपने करियर की शुरुआत ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के रूप में की थी। नौकरी की जिम्मेदारियों को निभाते हुए उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज वे प्रदेश के टॉपर्स की सूची में शामिल हैं।