नवलपुरा के गुमान सिंह शक्तावत ने फिर किया कमाल, RAS-2024 में 161वीं रैंक हासिल

स्मार्ट हलचल|मांडलगढ़ क्षेत्र के नवलपुरा निवासी गुमान सिंह शक्तावत ने एक बार फिर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया है। उन्होंने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा 2024 में 161वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।गुमान सिंह इससे पहले भी निरंतर सफलता की सीढ़ियां चढ़ते रहे हैं। वर्ष 2021 की RAS परीक्षा में उन्होंने 1367वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद RAS-2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 263वीं रैंक प्राप्त की, जिसमें उनका चयन सहायक रजिस्ट्रार पद पर हुआ।

RAS में सफलता से पहले गुमान सिंह केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत रह चुके हैं।

परिवार का मिला पूरा सहयोग
गुमान सिंह एक साधारण परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। परिवार ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल दिया।

परिजनों का कहना है कि गुमान सिंह शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रहे हैं। उनकी सफलता के पीछे परिवार का सहयोग और उनकी निरंतर मेहनत अहम रही है।

उनकी इस उपलब्धि से नवलपुरा सहित पूरे मांडलगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गुमान सिंह की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है, जो लगातार प्रयास और दृढ़ संकल्प से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश देती है।