खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के कनपुरवा गांव के पास जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार सरकंडी थाना असोथर निवासी मोहम्मद पीरु (26) पिछले करीब 20 वर्षों से अपने ननिहाल कनपुरवा में भाई के साथ रह रहा था। वह घर के बाहर पान की गुमटी चलाने के साथ ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।मृतक युवक के भाभी के मुताबिक, रविवार रात करीब नौ बजे वह दुकान से घर लौटने के बाद शौच के लिए खेत की ओर गया था। करीब एक घंटे बाद उसने अपने भतीजे से कहा कि किसी का ट्रैक्टर फंसने के कारण देर हो जाएगी। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने गांव और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
सोमवार सुबह लगभग 7:00 बजे खोजबीन के दौरान परिजन खेत की ओर पहुंचे, जहां यूकेलिप्टस के बाग के पास स्थित चिल्ला के पेड़ से उसका शव गमछे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मृतक की भाभी ने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने उसे शराब पिलाने के बाद हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया। वहीं मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आत्महत्या की बात कही है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
