बून्दी- स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से “खेल में दम, सुरक्षा में हम” स्लोगन के तहत एक अभिनव पहल की गई। इसी क्रम रविवार को प्रात: 8.30 पर चंद्र प्रकाश स्टेडियम में कोतवाली थाना, सदर थाना, यूथ सीएलजी एवं पुलिस मित्रों की संयुक्त टीमों के मध्य मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।
आयोजित क्रिकेट मैच उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कार्मिकों, यूथ सीएलजी सदस्यों एवं पुलिस मित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आपसी सहयोग, टीम भावना एवं अनुशासन का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले में सदर टीम विजेता रही।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल खेल गतिविधियां नहीं हैं, बल्कि पुलिस एवं समाज के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि “खेलो में दम, सुरक्षा में हम” स्लोगन के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के खेल, सामाजिक एवं जनसहभागिता आधारित आयोजन निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे युवाओं में खेल भावना का विकास होगा तथा पुलिस और आमजन के मध्य संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित आमजन, युवाओं एवं प्रतिभागियों को RajCop Citizen ऐप के महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह ऐप आमजन को विभिन्न पुलिस सेवाएं, शिकायत पंजीकरण, आपातकालीन सहायता एवं अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में उपयोगी है। आमजन से अधिक से अधिक राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड कर इसका लाभ लेने तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने एवं सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी के संदेश को प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया। यह आयोजन “खेलो में दम, सुरक्षा में हम” की अवधारणा को साकार करने के साथ-साथ पुलिस-जन सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा।
