भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। वार्ड नंबर 68, देवनारायण चौराहे के पास 100 फिट रोड स्थित सिद्धेश्वर बालाजी मंदिर के कलश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार (22 अप्रैल) को तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। पहले दिन महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई और महादान के रूप में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 51 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
कलश यात्रा में उमड़ी मातृशक्ति, युवाओं ने किया रक्तदान
सामाजिक कार्यकर्ता विनोद सुखवाल और विनोद अग्याल ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत में चारभुजा मंदिर से सिद्धेश्वर बालाजी मंदिर तक एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन रखा गया। शिविर में युवाओं और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 51 यूनिट रक्तदान किया। इस पुनीत कार्य में भीलवाड़ा ब्लड बैंक की टीम का विशेष सहयोग रहा।
सुंदरकांड पाठ और विशाल यज्ञ का आयोजन
धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार रात्रि को मंदिर प्रांगण में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन रखा गया है। इसके साथ ही, आचार्य पुष्पेंद्र जी ओझा के सान्निध्य और नेतृत्व में तीन दिवसीय विशाल यज्ञ भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें यजमान विश्व कल्याण की कामना के साथ आहुतियां देंगे।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कलश यात्रा और रक्तदान शिविर को सफल बनाने में क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामलाल शर्मा, कैलाश सुथार, शिव जोशी, श्याम गुर्जर, हीरा गुर्जर, दशरथ शर्मा, सत्यनारायण, महावीर शर्मा, हरि प्रजापति, चंदू, मुकेश शर्मा, अरविंद मीणा, बनवारी, घीसू, भागचंद, नटवर और दिनेश सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
