गंगापुर न्यूज़: सड़कों पर घूम रहे आवारा सांड, कई घायल, प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी
गंगापुर। कस्बे में निराश्रित गौवंश और आवारा सांडों के कारण रोजाना हो रही दुर्घटनाओं से आमजन में भारी भय और आक्रोश का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका द्वारा संचालित गौशाला होने के बावजूद सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गौवंश को वहां शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। प्रशासन की इस घोर अनदेखी के चलते स्थिति लगातार गंभीर और जानलेवा होती जा रही है।
सांडों के आतंक से कई लोग हो चुके हैं घायल
बाजारों और मुख्य मार्गों पर आवारा सांडों के आपसी संघर्ष के चलते कई बार वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और राहगीरों की जान सांसत में रहती है। सांडों के इस आतंक के कारण अब तक कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इनमें 80 वर्षीय बुजुर्ग दौलत राम माली, मांगी देवी तेली और धनराज माली सहित अन्य नागरिक शामिल हैं।
ज्ञापन दिए, लेकिन समाधान शून्य
स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों द्वारा पूर्व में कई बार प्रशासन को ज्ञापन देकर अवगत कराया जा चुका है कि निराश्रित गौवंश को तत्काल गौशाला में शिफ्ट किया जाए। लोगों का कहना है कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश तेली के कार्यकाल में भी इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन तब भी कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया और आज भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
नागरिकों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रशासन की इस कुंभकर्णी नींद से परेशान होकर अब नागरिकों ने खुली चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही इस समस्या का ठोस समाधान नहीं किया गया और गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशाला में शिफ्ट नहीं किया गया, तो आमजन को मजबूर होकर सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
