चित्तौड़गढ़: अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का आगाज, 3 मई तक निखरेगी प्रतिभा

स्मार्ट हलचल / चित्तौड़गढ़। राजस्थान में फुटबॉल के बढ़ते प्रभाव के बीच चित्तौड़गढ़ एक बार फिर खेल प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान और जिला फुटबॉल संघ (चित्तौड़गढ़) के संचालन में ‘अंडर-20 राष्ट्रीय स्तरीय फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर’ का भव्य शुभारंभ सोमवार को स्थानीय कॉलेज ग्राउंड में हुआ। यह महत्वपूर्ण शिविर 20 अप्रैल से 3 मई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए बनेगी टीम

लंबे अंतराल के बाद चित्तौड़गढ़ जिले को यह गौरव प्राप्त हुआ है। इस शिविर के माध्यम से राजस्थान टीम के लिए श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित लगभग 35 से 40 प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। ये युवा खिलाड़ी अपने खेल कौशल को निखारते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से तैयार की जाने वाली राजस्थान की टीम आगामी ‘अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप’ में हिस्सा लेगी, जिसका आयोजन नारायणपुर (छत्तीसगढ़) में प्रस्तावित है।

स्थानीय खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर

शिविर के शुभारंभ अवसर पर जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष पूरण आंजना, सचिव फैसल खान, संयुक्त सचिव धर्मेंद्र सिंह तंवर एवं संतोष ट्रॉफी खिलाड़ी व डी-लाइसेंस कोच शाहिद हुसैन सहित संघ के पदाधिकारियों ने राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि जिले को इस स्तर के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी मिलना स्थानीय खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी और प्रेरणादायक उपलब्धि है। शिविर में खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों, फिटनेस प्रशिक्षण और रणनीतिक खेल की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।