खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के रक्षपालपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में जहर खाने वाली महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने नर्सिंग होम के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए मामले की जानकारी संबंधित जनपद पुलिस को दी।
मिली जानकारी के अनुसार, कौशांबी जनपद के पैंइसा थाना क्षेत्र के शाहनगर गांव निवासी रिया पासवान (27) पत्नी अनिल पासवान ने पति के गेहूं की कतराई में न जाने को लेकर हुए विवाद के बाद कथित रूप से जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल रक्षपालपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने नर्सिंग होम के बाहर जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख खखरेरू पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। इसके बाद कौशांबी पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, रिया की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व अनिल कुमार से हुई थी। वह पति के साथ सास-ससुर से अलग रहकर जीवन यापन कर रही थी। अनिल गांव के ही एक थ्रेसर में रहकर कतराई का कार्य करता है। मंगलवार शाम अनिल के चोटिल होने के कारण काम पर न जाने से पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने आवेश में आकर जहर खा लिया।
मृतका अपने पीछे तीन वर्षीय पुत्र शिवांश और चार वर्षीय पुत्री प्रियंका को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
