स्मार्ट हलचल / खजूरी। क्षेत्र में उपभोक्ता हितों के साथ खिलवाड़ और धोखाधड़ी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। काछोला स्थित ‘बिरला भारत गैस एजेंसी’ पर एक उपभोक्ता को बिना गैस सिलेंडर दिए ही रिकॉर्ड में फर्जी डिलीवरी दिखाने का आरोप लगा है। इस खुलासे के बाद एजेंसी की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है और उपभोक्ताओं में भारी रोष है।
ऑनलाइन स्टेटस चेक किया तो उड़े होश
जानकारी के अनुसार, शक्करगढ़ निवासी उपभोक्ता मुकेश कुमार (पुत्र मोतीलाल खटीक) ने काछोला स्थित बिरला भारत गैस एजेंसी के खिलाफ यह शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि पिछले 7–8 महीनों से उसे एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया है। वह लगातार चक्कर लगाता रहा, लेकिन उसे टाल दिया गया।
परेशान होकर जब मुकेश कुमार ने 23 अप्रैल 2026 को अपनी गैस बुकिंग की स्थिति की जांच करवाई, तो रिकॉर्ड में 10 अप्रैल 2026 को गैस सिलेंडर की डिलीवरी दर्शाई गई थी। जबकि हकीकत में उसे कोई गैस सिलेंडर मिला ही नहीं था।
जिला कलेक्टर से की शिकायत, उठ रहे बड़े सवाल
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि एजेंसी द्वारा कागजों में फर्जी तरीके से डिलीवरी दिखाकर उपभोक्ताओं के साथ खुलेआम धोखाधड़ी और कालाबाजारी की जा रही है। इस संबंध में उसने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के सामने आने के बाद एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या अन्य उपभोक्ता भी इस तरह की समस्याओं का सामना कर रहे हैं? यदि प्रशासन द्वारा इस मामले की व्यापक स्तर पर जांच की जाती है, तो कई अन्य बड़े खुलासे हो सकते हैं।
