शाहपुरा में 5 भैंसों की चोरी: पुलिस ने 50 CCTV और 5000 मोबाइल नंबर खंगाल कर 2 आरोपियों को दबोचा
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। जिले की शाहपुरा थाना पुलिस ने फतेहपुरा गांव से हुई 5 भैंसों की चोरी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए भारी डेटा खंगाला और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
50 CCTV फुटेज और 5000 मोबाइल नंबरों की जांच
शाहपुरा थानाधिकारी सुरेश चन्द्र ने बताया कि प्रार्थी रामजस गुर्जर (निवासी फतेहपुरा) ने 5 भैंसें चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने पारंपरिक जांच के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों पर जोर दिया। टीम ने घटनास्थल और संभावित रास्तों के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा, घटनास्थल की बीटीएस (BTS) लेकर करीब 5 हजार से अधिक मोबाइल नंबरों की सूक्ष्मता से जांच की गई, जिसके बाद संदिग्धों को डिटेन किया गया।
ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने गहन पूछताछ और सबूतों के आधार पर भैंस चोरी की घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में नाहर खां कायमखानी (36) निवासी प्रतापपुरा और इरफान खां कायमखानी (28) निवासी शाहपुरा शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप भी जब्त कर ली है।
अन्य साथियों और भैंसों की तलाश जारी
फिलहाल गिरफ्तार दोनों मुल्जिमानों से चोरी की गई भैंसों की बरामदगी और इस वारदात में शामिल उनके अन्य साथियों के बारे में कड़ी पूछताछ की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर एएसपी राजेश आर्य व वृत्ताधिकारी ओम प्रकाश के सुपरविजन में की गई। टीम में थानाधिकारी सुरेशचन्द, हैड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जोगेन्द्र सिंह और शाहीद शामिल रहे।
