पराली की आग से पटरी पर खतरा! रेलवे का सख्त अलर्ट एक चूक, बड़ा हादसा

(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
वाराणसी।स्मार्ट हलचल|यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। रेल लाइनों के किनारे बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए रेलवे ने अब सख्त कदम उठाते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है, ताकि समय रहते खतरे को टाला जा सके।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट रूप से यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ अपने साथ लेकर न चलें, क्योंकि ऐसी वस्तुएं कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। वहीं रेल लाइन के किनारे रहने वाले किसानों और ग्रामीणों को भी चेताया गया है कि वे सूखी घास, पत्ते या पराली में आग न लगाएं, क्योंकि यह आग तेजी से फैलकर सीधे रेल ट्रैक तक पहुंच सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक पर आग लगने की स्थिति में न केवल रेल संचालन बाधित होता है, बल्कि यात्रियों की जान भी गंभीर खतरे में पड़ सकती है। रेलवे ने दो टूक कहा है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है, इसलिए सभी नागरिकों का सतर्क और जिम्मेदार होना बेहद जरूरी है।
जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है और लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग नियमों का पालन करें और सतर्कता बरतें, तो हादसों को आसानी से रोका जा सकता है।
रेलवे का साफ संदेश है—“सुरक्षा में ही समझदारी है, लापरवाही में सिर्फ खतरा।” अब देखना यह है कि लोग इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेते हैं। इस आशय की जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने मीडिया को दी।