तहसील कार्यालय में किया विरोध प्रदर्शन, एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर जताई आपत्ति
सूरौठ। स्मार्ट हलचल|सरकार की ओर से प्रस्तावित ब्यावर भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अवाप्ति हेतु गुरुवार को सूरौठ तहसील कार्यालय में आयोजित हुए जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों ने काफी हंगामा किया। ब्यावर भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे को निरस्त करने की मांग को लेकर करीब 10 किसान तहसील परिसर में स्थित पेयजल टंकी पर चढ़ गए। हालांकि हिंडौन एसडीएम हेमराज गुर्जर की समझाइश पर 5 मिनट बाद ही किसान टंकी से नीचे उतर आए। इसके बाद किसानों ने तहसील कार्यालय में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया तथा एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर आपत्ति जताई।
सूरौठ तहसील क्षेत्र के 10 गांवों में होकर निकलने वाले ब्यावर भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अवाप्ति हेतु तहसील कार्यालय में तय तिथि के मुताबिक शुक्रवार को सुबह 11 बजे एसडीएम हेमराज गुर्जर ने जनसुनवाई शुरू की।सामाजिक समाघात अध्ययन हेतु जब भूमि अवाप्ति अधिकारी हेमराज गुर्जर जनसुनवाई कर रहे थे तभी 11:30 बजे के करीब 10 किसान तहसील परिसर में स्थित पेयजल टंकी पर चढ़ गए तथा ब्यावर भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को निरस्त करवाने की मांग करने लगे। एसडीएम गुर्जर ने समझाइस कर 5 मिनट में ही किसानों को टंकी से उतरने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद तहसील कार्यालय में मौजूद गांव शेरपुर, रारा शाहपुर, खेती हैवत, जटवाड़ा, सौंमला, सौंमली, हाडौली, भुकरावली सहित कई गांवों के सैकड़ो किसानों ने ब्यावर भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का विरोध किया तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि जान दे देंगे लेकिन एक्सप्रेसवे के लिए जमीन नहीं देंगे। खेत बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक गोपाल सिंह डागुर, किसान नेता डॉ वीरेंद्र सिंह पीपलहेडा, जाट समाज चौबीसा के महामंत्री तेज सिंह, नंदराम खेड़ी हैवत, अजीत सिंह, नवल किशोर, गोपाल जटवाड़ा महावीरा शेरपुर, बृज किशोर खेड़ी, प्रेम सिंह जटवाड़ा, परसराम , रूप सिंह, लक्ष्मण सेक्रेटरी, मवासी राम, श्याम सिंह, कुंवर सिंह सहित काफी किसानों ने एसडीएम हेमराज गुर्जर को ज्ञापन सौंप कर ब्यावर भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को निरस्त करवाने की मांग की। किसानों ने एसडीएम को बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस के लिए भूमि अवाप्ति होने पर अधिकांश किसान भूमिहीन हो जाएंगे तथा खेतों के जाने के लिए भी आवागमन बंद हो जाएगा। किसानों ने सरकार से मांग की है कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की बजाय भरतपुर हिंडौन गंगापुर स्टेट हाईवे की चौड़ाई बढ़ाई जाए। एसडीएम गुर्जर ने किसानों से कहा कि उनके आपत्ति पत्र को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि ब्यावर भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के लिए भूमि अवाप्ति हेतु कई जिलों में एस आई ए जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
