निंबाहेड़ा के 25 हज यात्रियों का जत्था जयपुर एयरपोर्ट से रवाना

निंबाहेड़ा, 24 अप्रैल, 2026

स्मार्ट हलचल|धार्मिक आस्था, उत्साह और भावनाओं से सराबोर माहौल के बीच निंबाहेड़ा शहर के 25 हज यात्रियों का जत्था आज जयपुर एयरपोर्ट से मदीना शरीफ के लिए रवाना हुआ। हाजियों की यह 46 दिवसीय पवित्र यात्रा दोपहर 3 बजे जयपुर स्थित हज हाउस से बस द्वारा एयरपोर्ट पहुंचने के साथ प्रारंभ हुई।
बस में सवार होने से पूर्व हज हाउस परिसर में भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला। परिजन एवं शुभचिंतक अपने प्रियजनों को गले लगाकर विदा करते नजर आए, वहीं हाजियों को सुरक्षित, सफल और मकबूल हज की दुआओं के साथ रवाना किया गया। इस मौके पर हाजियों ने मुल्क की तरक्की, अमन-ओ-चैन, खुशहाली और कौमी एकता के लिए ख़ुसूसी दुआएं करने का अहद भी जताया।

*हज: आत्मिक शुद्धि और भाईचारे का प्रतीक — हाजी अख्तर पटेल*
इस अवसर पर हज खिदमत कमेटी के सचिव हाजी अख्तर पटेल ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो आत्मिक शुद्धि, त्याग और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी हाजियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पवित्र यात्रा से लौटकर वे समाज में शांति, सद्भाव और एकता का संदेश प्रसारित करें।

*बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं परिजन रहे उपस्थित*
हाजियों की विदाई के दौरान शेख हाजी निजामुद्दीन, हज हाउस ऑपरेटर अरशद कुरैशी, राजस्थान शिया मुस्लिम महासभा के प्रदेश प्रवक्ता शान तकवी, हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा के अध्यक्ष मतलूब अजमेरी, सचिव हाजी अख्तर पटेल, सलाहकार मोहम्मद फारूक छीपा, नायब सदर हाजी भूरू जागीरदार, अनीस अहमद शेख, इमरान खान, जमील खान उर्फ भाया बैट्री सहित बड़ी संख्या में परिजन एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने पूरे उत्साह और सम्मान के साथ हाजियों को विदाई दी।

*10 वर्षों से सेवा में समर्पित हज खिदमत कमेटी*
निंबाहेड़ा की हज खिदमत कमेटी पिछले लगभग 10 वर्षों से हाजियों की सेवा में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। कमेटी के सदस्य फ्लाइट से दो दिन पूर्व ही जयपुर हज हाउस पहुंचकर हाजियों की समस्त आवश्यक कागजी कार्यवाही पूर्ण कराते हैं, जिसमें रिपोर्टिंग, हज फार्म का सत्यापन एवं अन्य प्रक्रियाएं शामिल हैं।
कमेटी द्वारा हाजियों को फ्लाइट वाले दिन ही जयपुर पहुंचने की सुविधा दी जाती है, जहां उन्हें उनके मूल दस्तावेज—पासपोर्ट, वीजा, टिकट आदि सौंपे जाते हैं। इससे हाजियों का समय बचता है और वे बिना किसी परेशानी के यात्रा पर प्रस्थान कर पाते हैं।

*सेवा भाव के लिए हुआ सम्मान*
हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा द्वारा हज हाउस जयपुर में कार्यरत अरशद कुरैशी, आसिफ भाई, शान तकवी, हाजी निजामुद्दीन एवं सोहेल पंजतन का हाजियों की सेवा और मार्गदर्शन के लिए मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया।

*वापसी 9 जून को जयपुर आगमन*
हाजियों का यह जत्था अपनी पवित्र यात्रा पूर्ण कर 9 जून 2026 को जद्दा एयरपोर्ट से जयपुर लौटेगा, जहां परिजनों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा।