जनता क्लिनिक कापरेन का सीएमएचओ ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश

बूँदी – स्मार्ट हलचल|शनिवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. सामर ने कापरेन स्थित जनता क्लिनिक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हाल ही में क्लिनिक के नई बिल्डिंग में शिफ्ट होने के बाद व्यवस्थाओं की स्थिति का उन्होंने गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने क्लिनिक में संबंधित अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जनता क्लिनिक पर संचालित विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की और ऑनलाइन पंजीकरण, दवा वितरण, जांच सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया गया, साथ ही स्टाफ को निर्देशित किया कि संस्थान में अनुशासन बनाए रखते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान करें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि नई बिल्डिंग में शिफ्ट होने के बावजूद व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक सुविधाएं जल्द से जल्द पूर्ण की जाएं।