पशु चारे की आड़ में चल रहा था 10 करोड़ का ऑनलाइन सट्टा, नागौर पुलिस ने रेड्डी अन्ना बुक की ब्रांच का किया भंडाफोड़, 3आरोपी गिरफ्तार

लुकमान शाह

स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध साइबर नेटवर्क और सट्टेबाजी के खिलाफ नागौर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक की है। एसपी रोशन मीणा के नेतृत्व में जिला स्पेशल टीम (DST) और थांवला पुलिस ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत छापेमारी कर 8 से 10 करोड़ रुपये के ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। शातिर अपराधी पशु चारा बेचने की आड़ में किला रोड स्थित एक फार्म हाउस से ‘रेड्डी अन्ना’ ऑनलाइन गेमिंग बुक की ब्रांच चला रहे थे।

तरीका: आरोपी पशु चारा बेचने की आड़ में ‘रेड्डी अन्ना’ (Reddy Anna) नाम की ऑनलाइन गेमिंग बुक की ब्रांच चला रहे थे। वे फर्जी सिम और बैंक खातों के जरिए लोगों को लालच देकर सट्टा खिलाते थे।
बरामदगी:
113 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप।
19 एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक।
3.87 करोड़ रुपये के लेन-देन का हिसाब वाली डायरी।
नेटवर्क: आरोपी अलग-अलग राज्यों से किराए पर बैंक खाते और सिम कार्ड मंगवाकर इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहे थे।
यह थांवला पुलिस और स्पेशल टीम की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।SP रोशन मीणा ने बताया कि जिले में अवैध साइबर गतिविधियों और म्यूल अकाउंट्स (किराए के बैंक खाते) के खिलाफ ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ जारी है। इस सफलता में DST नागौर और थांवला थाना पुलिस की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य राज्यों से जुड़े इसके संपर्कों की तलाश कर रही है।