खखरेरू/फतेहपुर।स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के जहांगीर नगर गहुरा स्थित न्यू टारसन ब्रिक फील्ड भट्ठे पर बीती रात चोरी की कोशिश को भट्ठा मालिक की सतर्कता से नाकाम कर दिया गया। मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।भट्ठा मालिक इस्तेखारुल हसन पुत्र स्व. बदल अहमद ने बताया कि 24 अप्रैल की भोर करीब चार बजे भट्ठे पर लगे ट्यूबवेल का बिजली स्टार्टर चोरी हो गया। चोरी का पता चलते ही आसपास तलाश की गई। कुछ दूरी पर पथाई के लिए रखी ईंटों के पीछे दो युवक स्टार्टर जलाकर उसमें से तांबा निकालते मिले।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पवन कुमार पुत्र स्व. सुख्खा और छंगू पुत्र हरिपाल निवासी घटमापुर, थाना मोहब्बतपुर पइंसा, जनपद कौशांबी के रूप में हुई। भट्ठा मालिक ने दोनों को मौके पर पकड़कर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को चोरी के सामान सहित थाने ले गई।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
