124 दिन का धरना खत्म: विधायक राजेन्द्र गुर्जर की समझाइश से बनी सहमति-अस्पताल का किया औचक निरीक्षण भी

शिवराज बारवाल मीना

देवली/टोंक।स्मार्ट हलचल|जिले के देवली उपखंड मुख्यालय पर पिछले 124 दिनों से चल रहा धरना आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गया। देवली-उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर की समझाइश और आश्वासन के बाद धरनारत विस्थापितों ने आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया।वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जूनिया ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी सरोली ने बताया कि विधायक राजेन्द्र गुर्जर 27 अप्रैल को टोंक में प्रस्तावित कार्यक्रम-जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के टोंक आगमन की तैयारियों के सिलसिले में शनिवार को देवली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर विस्थापितों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद समिति पदाधिकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। इस मौके पर विधायक गुर्जर ने देवली उप जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, लेबर रूम और दवा वितरण केंद्र का जायजा लिया। मरीजों से संवाद कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली तथा चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन से दवाओं की उपलब्धता, मानव संसाधन और उपकरणों की स्थिति पर चर्चा की। विधायक ने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार, आवश्यक दवाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही अस्पताल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।देवली पंचायत समिति के निवर्तमान प्रधान बनवारी लाल जाट ने बताया कि 27 अप्रैल को विधायक राजेन्द्र गुर्जर के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता टोंक में आयोजित जनसभा में भाग लेंगे, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर सत्यनारायण चौधरी सरोली, नगर पालिका चेयरमैन नेमीचंद जैन, देवली देहात अध्यक्ष विनोद माहुर, पार्षद सत्यनारायण सरसडी, अंकित जैन, गोपाल शर्मा, अशोक दुबे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।