खजूरी|स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब बाजारों में भी साफ दिखाई देने लगा है। खजूरी का मुख्य बाजार दोपहर के समय पूरी तरह सूना नजर आ रहा है। तेज धूप और लू के चलते लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं, जिससे बाजारों की रौनक गायब हो गई है।
दोपहर के समय अधिकांश दुकानें या तो बंद रहती हैं या फिर ग्राहकों के इंतजार में खाली बैठी दिखाई देती हैं। गर्मी का आलम यह है कि मुख्य मार्गों पर आवाजाही भी बेहद कम हो गई है और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है।
स्थानीय दुकानदार श्याम पारीक का कहना है कि “दोपहर के समय ग्राहक बिल्कुल नहीं आते, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। इतनी गर्मी में लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं।”
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लोग सुबह और शाम के समय ही आवश्यक कार्य निपटा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने और अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
