कोरियर से पार्सल चोरी का खुलासा: डिलीवरी से पहले उड़ाए मोबाइल-लैपटॉप, आरोपी गिरफ्तार

( महेन्द्र नागौरी)

गांधीनगर पुलिस की कार्रवाई, 12 मोबाइल व एप्पल लैपटॉप बरामद

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|कोरियर पार्सलों से महंगे मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने वाले शातिर को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोपी डिलीवरी से पहले ही रास्ते में पार्सल खोलकर सामान गायब कर देता था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर एएसपी पारस जैन और सीओ सज्जन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी पुष्पा कासोटिया के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल को परिवादी चंद्रशेखर शर्मा ने रिपोर्ट दी थी कि कोरियर कर्मचारियों में से किसी ने पार्सलों से 15 मोबाइल और एक एप्पल कंपनी का लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी कर लिया, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए है। जांच के दौरान आरोपी मानवेन्द्र सिंह सांखला (19) निवासी आसींद को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से 12 मोबाइल और एक एप्पल लैपटॉप बरामद किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि वह डिलीवरी से पहले ही रास्ते में पार्सल से सामान निकाल लेता था।
टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में हेड कांस्टेबल जगदीश चंद्र और कांस्टेबल गिर्राज का विशेष योगदान रहा। पुलिस मामले में अन्य कड़ियों की जांच में जुटी है।