(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से भीलवाड़ा साड़ी डीलर एसोसिएशन द्वारा महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर में शीतल जल सेवा केंद्र (प्याऊ) का विधिवत शुभारंभ किया गया। मीडिया प्रभारी अमित काबरा ने बताया कि इस जल सेवा केंद्र का शुभारंभ पंडित कृष्ण कुमार शर्मा के सानिध्य में एसोसिएशन के अध्यक्ष उत्तम कुमार सूरिया एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ द्वारा विधिवत पूजन कर इस जल सेवा केंद्र को आमजन की सेवार्थ समर्पित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अरुण गौड़ ने अपने वक्तव्य में बताया कि गर्मी के मौसम में अस्पताल परिसर में स्थित एन आई सी यू वार्ड मे आने वाले मरीजों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों को शीतल जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस सेवा केंद्र की स्थापना की गई है, और समाजसेवी संस्थाओ के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 125 पानी की केन की उपलब्धता करवाए जाने से अस्पताल में आने वाले हजारों रोगियों, उनके परिजनों एवं आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा जिससे उन्हें बड़ी राहत मिल रही है। इस अवसर पर महात्मा गांधी चिकित्सालय में सेवारत नर्सिंग अधीक्षक मुकुटराज शक्तावत के साथ नर्सिंग अधिकारी सिराज खान, राजकुमार शर्मा, शंकर पायक एवं बलराज शर्मा ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। आयोजन में सहयोगी के रूप मे र्भीलवाड़ा गारमेंट एसोसिएशन तथा सुमंगल सेवा संस्थान के सदस्य शुभम छिपा द्वारा सहयोग किया जा रहा है, साथ ही भीलवाड़ा साड़ी डीलर एसोसिएशन के संरक्षक तेज प्रकाश सूरिया, सचिव अशोक काल्या, उपाध्यक्ष सम्पत चिपड़ एवं रोहित डांगी सहित अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
