संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल| कस्बे में सोमवार को सुबह गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौ भक्तों और कार्यकर्ताओं ने गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण एवं सम्मान को लेकर जोरदार तरीके से अपनी आवाज बुलंद की। सुबह करीब ग्यारह बजे शिवालय गुफा मंदिर परिसर में एकत्रित होकर कार्यकर्ता संगठित रूप से छीपाबड़ौद मार्ग स्थित पुलिस थाना पहुंचे, जहां उन्होंने गौवंश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इसके बाद सभी कार्यकर्ता उपतहसील कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां नायब तहसीलदार के अनुपस्थित मिलने से गौ भक्तों में नाराजगी व्याप्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे, तब तक वे ज्ञापन नहीं सौंपेंगे।
आधे घंटे तक इंतजार, फिर पहुंचे अधिकारी
गौ भक्तों ने उपतहसील कार्यालय परिसर में ही धरना जैसा माहौल बनाते हुए करीब आधे घंटे तक इंतजार किया। स्थिति को देखते हुए सूचना नायब तहसीलदार तक पहुंचाई गई, जिसके बाद नायब तहसीलदार राधेश्याम लववंशी मौके पर पहुंचे और ज्ञापन प्राप्त किया। इसके बाद ही गौ भक्तों ने राहत की सांस ली।
ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में बढ़ती गौ तस्करी पर सख्त रोक लगाने, लावारिस गौवंश के संरक्षण के लिए स्थायी व्यवस्था करने तथा गौ सेवा से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने की मांग की गई। साथ ही गौवंश के लिए बेहतर चिकित्सा एवं आश्रय व्यवस्था उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जागरूकता अभियान भी रहेगा जारी
अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि समाज में गौ सेवा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी 27 अप्रैल 2026 एवं 27 जुलाई 2026 को गौ सम्मान दिवस के रूप में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे गौ भक्त
इस दौरान उपसरपंच संजय पारेता, दिलीप जैन, अशोक शर्मा, लोकेश गौतम, राकेश शर्मा, पवन पारेता, योगेश विजयवर्गीय, बंटी शर्मा, महेन्द्र पारेता, रोहित गुप्ता, मुरलीधर मेहरा, अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं प्रशासन की ओर से पटवारी गिरिवर सिंह, रामनरेश मीणा, एलडीसी रोहित मीणा सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
