4 माह में आस पास के क्षेत्र के 25 से अधिक गावों के 159 युवा लाभान्वित।
ओम जैन
शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|हिन्दुस्तान जिंक द्वारा अनुष्का ग्रुप के सहयोग से विगत 4 महीनों से संचालित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष इस कार्यक्रम में आस पास के क्षेत्र के 25 से अधिक गावों के 159 युवाओं ने निःशुल्क कोचिंग का लाभ लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी चित्तौड़गढ़ प्रमोद दशोरा, चंदेरिया स्मेल्टिंग काॅम्प्लेक्स के सिक्योरिटी हेड जी मलेशम एवं हेड सीएसआर सुन्दर राज नायडू उपस्थित थे। इस अवसर पर सीएसआर एवं अनुष्का ग्रुप की टीम भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि प्रमोद दशोरा ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है। जीवन में चुनौतियाँ अवश्य आएंगी, लेकिन हार नहीं माननी चाहिए और लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए। सुरक्षा अधिकारी जी. मलेशम ने भी अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
अनुष्का ग्रुप के सचिव राजीव सुराणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से पिछले 10 वर्षों से चंदेरिया लोकेशन पर विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जा रही है, जिससे आस पास के ग्रामीण क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिला है। सुन्दर राज नायडू ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से मिली सीख को जीवन में अपनाकर आगे बढ़ें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। कार्यक्रम का सफल संचालन कृतिका शर्मा द्वारा किया गया।
