कोटा में 3 मई को सजेगी सुरों की महफिल, लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट का आयोजन

‘सृजन द स्पार्क’ का आयोजन, भव्या पंडित व अनिल श्रीवास्तव देंगे प्रस्तुति

कोटा। स्मार्ट हलचल|शहर के संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार संगीतमय संध्या का आयोजन 3 मई को किया जाएगा। प्रतिभाशाली गायकों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सक्रिय संस्था ‘सृजन द स्पार्क’ के तत्वावधान में लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट आयोजित होगा।
मंगलवार को इस कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौत्तम द्वारा किया गया। पोस्टर विमोचन में एडिशनल एसपी प्रवीण जैन, सचिव संजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिमेष जैन, कोषाध्यक्ष विकास जैन अजमेरा तथा प्रोजेक्ट डायरेक्टर विवेक जैन,अलंकार शर्मा,अजय जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम रोड नंबर-1 स्थित सी.पी. ऑडिटोरियम में सायं 7:15 बजे से प्रारंभ होगा।
सचिव संजीव अग्रवाल ने बताया कि कॉन्सर्ट में सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका भव्या पंडित तथा ‘के-किशोर कुमार’ फेम अनिल श्रीवास्तव अपनी प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे। यह आयोजन शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।