खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को महिला मोर्चा की जिला मंत्री रीतू सिंह पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जन आक्रोश प्रदर्शन कर जोरदार विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर क्षेत्र में जुलूस निकाला तथा विपक्ष की जनविरोधी नीतियों और नकारात्मक राजनीति के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
महिला मोर्चा की जिला मंत्री रीतू सिंह पटेल ने कहा कि मातृशक्ति हमेशा समाज और राष्ट्रहित के मुद्दों को लेकर सजग रही है। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मुद्दों की अनदेखी और जनविरोधी नीतियों के विरोध में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी महिलाओं का यह संघर्ष जनहित के मुद्दों पर जारी रहेगा।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि वे समाज और देश के हितों के प्रति पूरी तरह जागरूक हैं और गलत नीतियों के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान पूरे समय शांति व्यवस्था बनाए रखी गई और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस मौके पर कमला देवी, मीरा, शकुंतला, संगीता, प्रेम काली सहित महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
