मदन मोहन गर्ग
गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल|स्कूल शिक्षा परिवार के निजी विद्यालय में कार्यकारिणी बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें आगामी 10 मई 2026 को आयोजित होने वाले “विद्यार्थी सम्मान समारोह” की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर लगभग 400 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया, जिससे विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह एवं प्रेरणा का संचार हो सके। मीडिया प्रभारी सारांश जैन द्वारा बैठक में लिए गए निर्णयों एवं कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी मीडिया के माध्यम से साझा की गई। उन्होंने बताया कि यह समारोह प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष नीटू सिंह धावाई एवं महामंत्री सुरेन्द्र सिंह राजपूत ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आयोजन की कार्यशैली, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं विभिन्न चरणों की योजना का विस्तार से विवरण दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएंगी।बैठक के दौरान कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं जिम्मेदारियों का सुनियोजित तरीके से विभाजन किया गया, जिससे प्रत्येक पदाधिकारी एवं सदस्य अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कर सकें। कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, अतिथि सत्कार, विद्यार्थियों के सम्मान की प्रक्रिया, मंच संचालन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में प्रमुख रूप से महेंद्र नापित, शैलेंद्र गुप्ता, विजेंद्र धाकड़, राजेश गुर्जर, राजेश सैन, राजेश सैनी, सुरेश चंद शर्मा, धर्मप्रकाश आर्य, अब्दुल ग़फ़्फ़ार, यूनुस ख़ान, इरशाद अहमद, इब्राहिम खान, ओमप्रकाश महावर एवं अशोक शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल, भव्य एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया तथा पूर्ण समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
