रात्रि औचक गश्त में खुलासा-डीएसपी के नेतृत्व में कार्रवाई; मामला दर्ज, जांच जारी
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल| जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उनियारा सर्किल अन्तर्गत अलीगढ़ थाना पुलिस ने सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। कार्रवाई उनियारा सर्किल में पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा चौधरी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस उपाधीक्षक उनियारा आकांक्षा चौधरी की रात्रि में औचक गश्त के दौरान चौथ का बरवाड़ा रोड स्थित बराना गांव के पास पुलिस को अवैध बजरी परिवहन की सूचना मिली। इस पर संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को भगाने लगा। पीछा करने के दौरान बराना रोड पर ट्रॉली पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर अलीगढ़ थाना पुलिस के ड्यूटी ऑफिसर एएसआई भंवरलाल मीणा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से बजरी को दोबारा ट्रॉली में भरवाकर बिना वैध अनुमति के बजरी परिवहन होना पाए जाने पर वाहन को जब्त कर लिया और थाने लाया गया। इस संबंध में थाना अलीगढ़ पर प्रकरण संख्या 82/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 303(2) तथा एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला कायम किया गया है।फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश जारी है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
