बालोतरा/कल्याणपुर: स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) रमेश आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, डीएसटी बालोतरा और कल्याणपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध बजरी से भरे 4 डंपरों को जब्त कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक रमेश आईपीएस ने बताया कि अवैध खनन के कारोबारियों पर विधिक शिकंजा कसने और अवैध खनन पर पूर्ण रोकथाम के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह और पचपदरा वृताधिकारी विकास कुमार के सुपरविजन में, कल्याणपुर थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दस्तावेज नहीं दिखा पाए चालक
28 अप्रैल 2026 को डीएसटी बालोतरा द्वारा कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सरहद पिण्डारण में नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस ने चार डंपरों (आरजे 39 जीए 7061, आरजे 39 जीए 5152, आरजे 39 जीए 7133 और आरजे 19 जीई 3402) को रुकवाया। जब चालकों से बजरी परिवहन से संबंधित रवन्ना या परमिट मांगा गया, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इन धाराओं में मामला दर्ज
अवैध बजरी खनन और परिवहन के आरोप में पुलिस ने चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2), 112(2) और एमएमडीआर (MMDR) एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से अवैध खनन और परिवहन को लेकर गहनतापूर्वक अन्वेषण और पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- गफुर खां (42) पुत्र भंवरे खां, निवासी जवाहरपुरा, थाना पचपदरा, जिला बालोतरा।
- मदनलाल (40) पुत्र धुडाराम, निवासी सरवड़ी, थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा।
- चुतराराम (34) पुत्र रुपाराम, निवासी कल्याणपुर, थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा।
- भंवराराम (46) पुत्र भीयाराम, निवासी थोरियों की ढाणी, नागाणा, थाना मण्डली, जिला बालोतरा।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में डीएसटी बालोतरा के साथ-साथ कल्याणपुर पुलिस थाने की टीम का विशेष योगदान रहा।
