भीषण गर्मी में राहत: चित्तौड़गढ़ व्यापार महासंघ ने शुरू किए शीतल जल केंद्र

बस स्टैंड से हुई शुरुआत, शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी लगाए जाएंगे प्याऊ

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। ग्रीष्म ऋतु की तीव्र गर्मी को देखते हुए चित्तौड़गढ़ व्यापार महासंघ संस्थान ने आमजन को राहत देने के उद्देश्य से शहर में शीतल पेयजल की व्यवस्था शुरू की है। इस पहल के तहत राहगीरों के लिए विभिन्न स्थानों पर ठंडे पानी के काउंटर लगाए जा रहे हैं।महासंघ के अध्यक्ष सुनील जागेटिया ने बताया कि तेज धूप और भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए यह सेवा अभियान प्रारंभ किया गया है, ताकि राहगीरों को पीने के पानी की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके।महासंघ के मंत्री राजकुमार बज ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपखंड अधिकारी बिनु देवल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने महासंघ के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा जारी रखे।

कार्यक्रम में कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम ने भी व्यापार महासंघ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ का व्यापारी वर्ग हमेशा सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में अग्रणी रहा है।

संस्थान के सचिव प्रतीक बोहरा के अनुसार, बस स्टैंड के सामने पहले प्याऊ का उद्घाटन किया गया है। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार सुभाष फाटक पेट्रोल पंप के पास और चामटी खेड़ा चौराहा जैसे स्थानों पर भी शीतल जल के काउंटर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के लिए टेंट की व्यवस्था कृष्ण टेंट (भरत जागेटिया) द्वारा निशुल्क की गई।

कोषाध्यक्ष सुनील कोठारी ने बताया कि इस सेवा कार्य में कई व्यापारियों और संगठनों ने भी सहयोग दिया है। स्वयंसेवी समूहों के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

संस्थान के संरक्षक ओमप्रकाश लड्ढा, सुरेश जैन, नंदलाल बिलोची, किरण डांगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और जल संरक्षण का भी ध्यान रखें।

इस अवसर पर लोकेंद्र भड़कतिया, मेहता शरद, प्रहलाद नामधार, गोविंद पटवा, राजेश सेठिया, मोहम्मद रफीक, मुकेश जाट, प्रमोद काबरा, प्रहलाद जागेटिया, हरीश गुरनानी, पिंटू मोदी, सतीश धुत, सुनील गोस्वामी, मुकेश वेद, विनोद चंदक, सत्यनारायण सुखवाल, मनीष बांगर, लव पोखरना सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।