अविनाश मीणा
स्मार्ट हलचल|टोंक के घाड़ क्षेत्र स्थित सतवाड़ा बालागढ़ में नवम आदर्श मीणा समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन का शुभारंभ मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। यह आयोजन भैरूजी महाराज स्थान, घाड़ रोड पर हो रहा है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए पूरे राजस्थान से मीणा समाज के लोग पहुंचने लगे हैं।गुरुवार को आयोजित शोभायात्रा में 251 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं। यात्रा के दौरान रथों और प्रमुख स्थानों पर ड्रोन से पुष्प वर्षा की गई। समाज के युवा और बुजुर्ग डीजे की धुन पर उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
सम्मेलन का मुख्य आयोजन शुक्रवार, 1 मई (पीपल पूर्णिमा) को होगा। इस दिन जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। इस अवसर पर प्रदेश भर से मीणा समाज के आईएएस, आईपीएस अधिकारी, राजनेता और भामाशाह उपस्थित रहेंगे। अतिथियों के स्वागत की जिम्मेदारी समाज के युवाओं को दी गई है।
आयोजन से पहले मौसम ने आयोजकों के लिए चुनौती खड़ी कर दी। बीती रात आई तेज आंधी और तूफान से सम्मेलन स्थल पर लगे कई टेंटों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, समिति के सदस्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं, ताकि मुख्य समारोह में कोई व्यवधान न हो।
हजारों की संख्या में संभावित भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। टोंक पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के निर्देश पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सम्मेलन स्थल तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस बड़े आयोजन में हजारों की संख्या में समाज के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
